धरती पर इसलिए कुल्लूत देश की पहचान, मानली में पैदा हुआ दुनिया का पहला इंसान

धरती पर इसलिए कुल्लूत देश की पहचान, मानली में पैदा हुआ दुनिया का पहला इंसान
युनीक : धरती पर इसलिए कुल्लूत देश की पहचान, मानली में पैदा हुआ दुनिया का पहला इंसान
विनोद भावुक / कुल्लू
बेशक आज मानली हनीमून डेस्टिनेशन के लिए इंडिया की बेस्ट टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में जानी जाती हो लेकिन कम ही लोग इस तथ्य को जानते हैं कि मनाली ही कुलूत देश है जो आदि मानव का देश है. यहां पर ही मनु ने अपना घर बनाया महान जल प्लावन के बाद और यहीं से मानव वंश का पुन: प्रसार हुआ। यही ऐतिहासिक स्थली आज मनाली कहलाती है।
कुलूत हिमाचल का वह भू-भाग है, जिसका सीधा सम्बन्ध है सृष्टि की रचना से। यहां पर ही प्रकृति की उथल-पुथल में डोलते पर्वतों में से अन्तिम पर्वत को आर्यों के आदि देव वृत्रहन्ता इन्द्र ने कील कर स्थित किया और तब उसका नाम इन्द्रकील पर्वत पड़ा।
लाल चंद प्रार्थी की पुस्तक में उल्लेख
स्वर्गीय लाल चंद प्रार्थी की ‘कुलूत देश की कहानी’ के जरिये कुल्लू के एतिहासिक संदर्भों को समझने की सार्थकता है। नीलकमल प्रकाशन कुल्लू से प्रकाशित स्वर्गीय लाल चंद प्रार्थी की मशहूर पुस्तक ‘कुलूत देश की कहानी’ कुल्लू के इतिहास का सबसे अहम शोधपरक दस्तावेज मानी जाती है। इस पुस्तक में प्राथी कुलूत देश को धरती को ऐसा स्थान साबित करते हैं, जिसकी तरह का कोई दूसरा महत्वपूर्ण स्थान धरती पर कहीं नहीं है।
ऋग्वेद का दस्युराज कौलितर शम्बर
प्रार्थी लिखते हैं कि कुलूत आज के कुल्लू का ऋग्वेद में प्राचीनतम नाम है। दस्युराज कौलितर शम्बर से सम्बन्धित ऐतिहासिक घटनाओं में उसका कोल जाति से होना सिद्ध करता है कि इसी कोल शब्द के संदर्भ से कुलूत और कुल्लू शब्द व्यवहार में आए हैं। कोल जाति के राज्य विस्तार की अन्तिम सीमा कुलूत की गहन उपत्याकाओं तक ही थी और इससे आगे था किरात क्षेत्र।
कुल्लू में हुआ अग्निदेव का धरती पर आगमन
यहां प्राकृतिक तत्वों के भयंकर संघर्ष, महाशिव के तांडव के फलस्वरूप उत्पन्न हुई बिजली को महादेव शंकर ने पिया और अब भी पीता है। हर बारह वर्ष के बाद और पीकर उसे शान्त कर देता है व्यास और पार्वती के संगम में। तभी उसे कहते हैं बिज्लेश्वर महादेव या बिजली महादेव।
बौद्ध शास्त्रों में जिसे स्थान मिला है एक महान तीर्थ का, इसी कुलूत में भृगु तुंग पर्वत श्रृंखला है , जिसे अब रोहतांग कहते हैं। यहां तप किया आदि भृगु ने और तब साक्षात उतारा अग्नि देवता को पृथ्वी पर पहली बार, फिर हुआ निर्माण ऋग्वेद की आदि ऋचा का।
तप करने के लिए तीर्थ
आदि भृगु की तप:स्थली आज भृगु तीर्थ के नाम से विख्यात है। यही पर्वत श्रृंखला है स्रोत सप्त सिंन्धु की पावन पुनीत नदी अर्जिकीया का, जो महामुनि वशिष्ट को पाशमुक्त करने पर विपाशा कहलाई और फिर आगे चल कर इसे व्यास कहा गया।
इसी कुलूत में तप किया भृगु, भारद्वाज, वामदेव, गौतम, कपिल, कण्व, कणाद, वशिष्ट, शंृगी, पराशर, व्यास, नारद, द्वैपायन, धौम्य, शांडिल्य, कात्यायन, कार्तिक आदि ऋषियों ने। यहां पर भृगु वंशज जमदग्नि ने स्थापित किया संसार का सबसे पुराना जनपद मलाणा।
परशुराम का प्रसंग
यहां भगवान परशुराम ने किया सबसे पहला नरमेध यज्ञ और सफलता प्राप्त की मां अम्बा के निर्मुण्ड शव में सिर जोडऩे और शरीर में पुन: प्राणों का संचार करने में। कुलूत दाशराज्ञ की पृष्ठभूमि का एक प्रसिद्ध स्थल। कुलूत ही है चन्द्रभागा, विपाशा और शतद्रु की कर्म भूमि। कोल जाति के दस्युराज कौलितर शम्बर का राज्य भाग।
वेद व्यास ने किया वेदों का संकलन
यहां विपाशा के किनारे आदि आर्यजनों ने आंख खोली। महामुनि वशिष्ट को आत्म शान्ति प्राप्त हुई और शृंगी जैसे बाल ब्रह्मचारी ने तप किया, जिनके पुत्रेष्टि यज्ञ के फलस्वरूप पैदा हुए भगवान राम। यहां पराशर पुत्र द्वैपाइन ने दरपौइण आश्रम में बाल्यावस्था में साधना की। महामुनि वेद व्यास ने वेदों का संकलन और कुछ पुराणों की रचना की।
महाभारत की लड़ाई की तैयारी
यहां रोमांच लड़ा भीमसेन और हिडिम्बा का और जिसके फलस्वरूप उत्पन्न हुए घटोत्कच्छ जैसे वीर योद्धा। हिडिम्बा को प्राप्त हुआ देवत्व और फिर दादी बनी पाल वंशज कुल्लू के राजाओं की।
यहां इन्द्रकील पर्वत श्रंखला में अर्जुन ने तप करके भगवान शंकर को प्रसन्न किया और महाभारत युद्ध में विजय प्राप्ति के लिए उनसे किरात के वेश में पाशुपत अस्त्र वरदान में पाया। यहां पांडवों की तीनों पर्वत यात्राओं का प्रसंग मिलता है और महा प्रस्थान भी उसमें शामिल है।
कुल्लू में पड़े बुद्ध के चरण
यहां महात्मा विदुर के पुत्र मक्कड़ ने मकड़सा राज्य की नींव डाल मकड़ान की पर्वत श्रृंखला तक विजय प्राप्त की। कोल, किरात, नाग, खश, कनैत आदि जातियों के फैलाव और टकराव हुए व मुठभेड़ के बाद एक नई संस्कृति का जन्म हुआ।
यहां भगवान बुद्ध के चरण पड़े, जिसकी स्मृति में महाराज अशोक ने एक स्तम्भ खड़ा किया जो अब है नहीं है, जिसकी खोज आवश्यक है।
नंदवंश को उजाड़ने के लिए कुल्लू की सेनाएं
प्रारम्भ में इन पहाड़ों में कोल आदिवासी रहते थे। कौलितर शम्बर उनका सबसे बड़ा राजा हुआ। इसके राज्य विस्तार के क्षेत्र कुलूत कहा जाना असंगत नहीं। कुलूत की सेनाओं ने सिन्धु नदी पर यवन आक्रमणों के मुकाबले में भाग लिया था।
नन्द वंश को उखाडऩे को भी कुलूत की सेनाओं को निमत्रित किया गया था और पाटली पुत्र में चन्द्र गुप्त मौर्य के राजतिलक समारोह में कुलूत का राजा शामिल हुआ था।
हयून सांग के यात्रा संस्मरण में कुलूत
कवि विशाख दत्त के अनुसार कुलूत देश का शुमार कश्मीर, पारसोक आदि पांच बड़े राज्यों में होता था। कवि राजशेखर के अनुसार कुलूत को पराजय किए बिना राजसु यज्ञ नहीं हो सकता था। हयून सांग के यात्रा संस्मरण में जालंधर के बाद कुलूत का ही वर्णन आता है। राजतरंगणी के अनुसार चम्बा के राजा ने कुलूत के नरेश को स्वकुल्य कुलूतेश्वर लिखा है।
पहली- दूसरी शताब्दी का सिक्का
पहली या दूसरी शताब्दी का सिक्का ‘राजन: कौलूतस्य वीरायासस्य’ किसी बड़े राज्य का ही हो सकता है। इसका मतलब है कि कभी कुलूत एक बड़ा राज्य रहा है। चौदहवीं शताब्दी तक कुलूत शब्द व्यवहार में आता रहा है।
जब कश्मीर के राजा ज़ैनुल आबदीन ने इस पर आक्रमण करके इस राज्य को तहस-नहस किया और तब कुलूत शब्द राज्य की सीमाओं के साथ-साथ सिकुडऩे लगा और फिर ऐतिहासिक चित्रपट पर रह गया नाम कुल्लू।
‘द हिमालयन डिस्ट्रिक्ट्स ऑफ कुल्लू, लाहौल एंड स्पिति, 1871’ के लेखक लिखते हैं कि मैं वहां न रह पाता और न ही व्यर्थ में यह सब लिख पाता यदि मैं समझता कि यह लेखन इसकी उस अद्वितीय दृश्यावली और सुखद जलवायु की ओर पूरा ध्यान आकृष्ट नहीं करेगा, जिसे वास्तव में अब तक अपेक्षित सराहना प्राप्त नहीं हुई है।
हिमाचल और देश-दुनिया की अपडेट के लिए join करें हिमाचल बिज़नेस
https://himachalbusiness.com/struggle-of-chambas-female-journalist-anchal-mongia/

Jyoti maurya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *