रंगों की खास मेहरबानी, कैनवास पर चमकी ‘रुहानी’
रंगों की खास मेहरबानी, कैनवास पर चमकी ‘रुहानी’
संजू पाल। कुल्लू
कुल्लू की रुहानी शर्मा, उसके नाम में ही रूह है और शायद इसलिए उसके हर स्ट्रोक में ज़िंदगी सांस लेती है। बचपन से ही उसे रंगों से दोस्ती थी। सर्दियों की छुट्टियों में जब बाकी बच्चे खेलकूद में मग्न रहते, तब रुहानी ऑयल पेंटिंग की क्लास में रंगों से बातें करती थी। यह कहानी है साल 2010–11 की, जब एक नन्ही कलाकार का सपना पहली बार आकार ले रहा था।
समय बीता और ज़िंदगी ने उसे विज्ञान की दिशा में मोड़ दिया। उसने बायोटेक्नोलॉजी में ग्रेजुएशन किया, परंतु मन तो वहीं था जहाँ कैनवास पर रंग नाचते हैं। डिग्री पूरी हुई, मगर दिल खाली सा लगा। तभी भीतर से एक आवाज़ आई, ‘ये रास्ता मेरा नहीं है।‘ रुहानी ने एक बार फिर ब्रश उठाया और वही था उसका असली पुनर्जन्म।
आत्मा की परतें खोलती पेंटिंग्स
रुहानी ने अपने इंस्टाग्राम पेज ‘Hastkala by Ruhani’ से अपनी कला यात्रा की नई शुरुआत की।
धीरे-धीरे उसके कैनवास ने रंगों की ऐसी कहानी लिखी कि लोग मंत्रमुग्ध हो गए। हर पेंटिंग उसकी आत्मा की एक नई परत खोलती गई। उसके बनाए चित्र बोलते से प्रतीत होते हैं।
रंगों ने उसके जीवन में रंग भर दिये हैं और जीवन को सुकून की दौलत बख्शी है। रुहानी कहती हैं, ‘हर कैनवास मेरे लिए एक नवजात शिशु जैसा होता है। जब मैं पहली बार ब्रश चलाती हूँ तो ऐसा लगता है जैसे उस बच्चे की पहली सांस बना रही हूँ।
कैनवास के साथ भावनाओं का रिश्ता
रुहानी रंगों और भावनाओं से अपने कैनवास को आकार देती है। कभी वो कैनवास उसके साथ हँसता है, कभी उदास हो जाता है। कभी ज़िद करता है, तो कभी खुद ही सुलझ जाता है। हर रेखा, हर रंग, एक कहानी, एक भावना और एक अनुभव है।
जब वह किसी चित्र को दीवार पर टाँगती है, तो ऐसा लगता है जैसे उसने अपने दिल के टुकड़े को दुनिया को सौंप दिया हो। वो अब सिर्फ अमानत नहीं रहती, वह बन जाती है हर देखने वाले के दिल की कहानी।
रंगों में मिला रूह का सकून
आज रुहानी शर्मा एक जानी-मानी पेंटर हैं, जो अपनी कला को ऑनलाइन बेचती हैं और हजारों लोगों के दिलों में जगह बना चुकी हैं। रंगों से रूहानी ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। एक ऐसी पहचान जो उसके दिल से जुड़ी है।
रंगों के इस सफ़र में उसने न सिर्फ खुद को पाया, बल्कि दूसरों को भी यह सिखाया कि कभी-कभी रास्ता वही होता है, जहाँ दिल ले जाए। रुहानी शर्मा रचनात्मकता की वो मिसाल, जिसने रंगों में अपनी रूह खोज ली।
हिमाचल और देश-दुनिया की अपडेट के लिए join करें हिमाचल बिज़नेस
https://himachalbusiness.com/dr-sandeep-sharma-science-teacher-shining-in-the-sky-of-hindi-story-four-story-collections-published/
