बल्क ड्रग पार्क ने पकड़ी रफ्तार, 200 करोड़ से अधिक के कार्यों की समीक्षा
बल्क ड्रग पार्क ने पकड़ी रफ्तार, 200 करोड़ से अधिक के कार्यों की समीक्षा
हिमाचल बिजनेस। ऊना
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक भविष्य की दिशा तय करने वाला बल्क ड्रग पार्क अब तेजी से ज़मीन पर उतरता दिखाई दे रहा है। ऊना जिला के हरोली विधानसभा क्षेत्र के पोलियां बीट में प्रस्तावित इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर सोमवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अब तक हुए कार्यों और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के निर्देशों पर आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता निदेशक उद्योग एवं हिमाचल प्रदेश बल्क ड्रग पार्क इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के सह-सीईओ डॉ. यूनुस ने की और अतिरिक्त निदेशक उद्योग एवं हिमाचल प्रदेश बल्क ड्रग पार्क इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के सह-अतिरिक्त सीईओ तिलक राज शर्मा, भी उपस्थित रहे।
टाइम बॉन्ड, गुणवता और कोर्डिनेशन
डॉ. यूनुस ने सभी विभागों को कार्य में तेजी, आपसी समन्वय और गुणवत्ता व पर्यावरण मानकों के पालन के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि बल्क ड्रग पार्क राज्य की फ्लैगशिप औद्योगिक परियोजना है, जो न केवल फार्मास्यूटिकल निर्माण को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी, बल्कि क्षेत्र में रोज़गार के बड़े अवसर भी पैदा करेगी।
बैठक का समापन सभी विभागों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ। डॉ. यूनुस ने बताया कि आगे भी बल्क ड्रग पार्क की नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से विभाग परियोजना की प्रगति पर कड़ी नज़र रखेगा।
पानी, बिजली, पर्यावरण और सड़क निर्माण
बैठक में जल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, संपर्क सड़क निर्माण और वन विभाग द्वारा वृक्ष गणना जैसे अहम मुद्दों की समीक्षा की गई। 200 करोड़ रुपये से अधिक के चल रहे कार्यों की प्रगति पर विभागवार प्रस्तुतीकरण दिया गया।
जल आपूर्ति: 95% कार्य पूर्ण
जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान ने बताया कि बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रस्तावित 15 एमएलडी जलापूर्ति योजना का लगभग 95% कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य मार्च 2026 के अंत तक पूरा कर जलापूर्ति प्रणाली को चालू कर दिया जाएगा। बैठक के बाद अधिकारियों ने राइजिंग मेन और चार्जिंग स्ट्रक्चर का निरीक्षण किया और कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताया।
बिजली आपूर्ति: अप्रैल 2026 का टार्गेट
एचपीएसईबीएल के कार्यकारी अभियंता राहुल पुरी ने जानकारी दी कि गुरपलाह सब-स्टेशन का उन्नयन कार्य पूरा हो चुका है, जबकि ट्रांसमिशन लाइन का कार्य प्रगति पर है। बल्क ड्रग पार्क को 10 एमवीए बिजली आपूर्ति अप्रैल 2026 तक सुनिश्चित कर दी जाएगी।
वृक्ष गणना और कटान: प्रक्रिया तेज
वन विभाग के डीएफओ सुशील राणा ने बताया कि ग्राम मनुवाल के चार खसरा नंबरों में वृक्ष गणना पूरी हो चुकी है और संबंधित क्षेत्रों में पेड़ काटने की अनुमति मिल चुकी है। एचपीएसआईडीसी द्वारा निविदा प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है और शीघ्र ही वृक्ष कटान कार्य शुरू किया जाएगा।
संपर्क सड़क: अब पीडब्ल्यूडी बनाएगा
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पंजुवाना स्थित प्रशासनिक ब्लॉक से कुत्थर बीट (बल्क ड्रग पार्क साइट) तक बनने वाली सड़क का निर्माण अब हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की अपडेट के लिए join करें हिमाचल बिज़नेस
https://himachalbusiness.com/neither-did-he-find-his-queen-of-hearts-nor-was-the-pond-in-the-garden-in-shimla-filled-with-water-the-untold-story-of-lord-kitchener-the-british-commander-in-chief-of-the-indian-army/
