प्रेरक कहानी : ब्यूटी विद ब्रेन गणित की प्रोफेसर, अब राष्ट्रीय मंच पर जज के रोल में डॉ. राधिका ठाकुर
प्रेरक कहानी : ब्यूटी विद ब्रेन गणित की प्रोफेसर, अब राष्ट्रीय मंच पर जज के रोल में डॉ. राधिका ठाकुर
ज्योति मौर्या / धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश की देवभूमि से जब कोई बेटी ज्ञान, आत्मविश्वास और संस्कार के साथ आगे बढ़ती है, तो वह केवल अपनी पहचान नहीं बनाती, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए भी रास्ता रोशन कर देती है। ऐसी ही एक प्रेरणादायक शख़्सियत हैं डॉ. राधिका ठाकुर, जिनकी यात्रा शिक्षा, सौंदर्य और सामाजिक सहभागिता, तीनों को एक साथ जोड़ती है।
जिला ऊना से ताल्लुक रखने वाली डॉ. राधिका ठाकुर के पिता संग्राम सिंह और माता सरोज बाला हैं। परिवार के संस्कार, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण ने राधिका को बचपन से ही आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश, धर्मशाला से गणित में एमएससी और डॉ. वाई.एस. परमार विश्वविद्यालय, नौणी से गणित में पीएचडी की है।
कॉलेज की प्रोफेसर, ब्यूटी विद ब्रेन
डॉ. राधिका ठाकुर राजपुरा पालमपुर कॉलेज में गणित की सहायक प्रोफेसर के रूप में छात्रों को न सिर्फ़ गणित पढ़ा रही हैं, बल्कि सोचने का नज़रिया भी दे रही हैं। डॉ. राधिका ठाकुर ने यह साबित किया कि सौंदर्य और बुद्धिमत्ता एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। मिस स्प्रिंग क्वीन- ब्यूटी विद ब्रेन,और मिस सैंज जैसे प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट्स में सफलता हासिल की।
डॉ. राधिका ठाकुर की पहचान अब केवल प्रतिभागी तक सीमित नहीं है। 14वें राष्ट्रीय स्तरीय विंटर कार्निवल, मनाली में उन्हें जज के रूप में आमंत्रित किया गया। यह न केवल उनके व्यक्तित्व पर विश्वास का प्रतीक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि शिक्षित, आत्मनिर्भर और संवेदनशील महिलाएँ आज राष्ट्रीय मंचों पर निर्णय लेने की भूमिका में हैं।
एक संदेश, हजारों प्रेरणाएं
डॉ. राधिका ठाकुर की कहानी बताती है अगर लगन हो, तो गणित की जटिल समीकरणों से लेकर सौंदर्य मंच और राष्ट्रीय आयोजनों तक, हर दरवाज़ा खुल सकता है। डॉ. राधिका ठाकुर आज गर्ल स्टूडेंट्स के लिए शैक्षणिक प्रेरणा, युवाओं के लिए आत्मविश्वास की मिसाल, और समाज के लिए सकारात्मक सोच का चेहरा हैं।
हिमाचल प्रदेश की इस बेटी की प्रेरक कथा सच में साबित करती है कि सपने वही सच होते हैं, जिन्हें ज्ञान और मेहनत का आधार मिलता है। डॉ. राधिका ठाकुर का कहना है कि किसी भी मिशन के लिए लग्न और समर्पण की उनकी कामयाबी का राज है। बड़े कैनवास पर छाने के लिए बड़े प्रयास और कठोर मेहनत जरूरी होती है।
हिमाचल और देश-दुनिया की अपडेट के लिए join करें हिमाचल बिज़नेस
https://himachalbusiness.com/investing-in-the-protection-of-the-himalayas-means-securing-life-for-the-future-civil-society-organizations-have-written-a-letter-to-the-national-disaster-management-authority/
