पहाड़ों से वैश्विक निवेश तक की उड़ान : वैश्विक निवेश का नया भरोसा, धर्मशाला में होगा अंतरराष्ट्रीय व्यापार सम्मेलन
पहाड़ों से वैश्विक निवेश तक की उड़ान : वैश्विक निवेश का नया भरोसा, धर्मशाला में होगा अंतरराष्ट्रीय व्यापार सम्मेलन
हिमाचल बिजनेस। शिमला
ब्रिक्स चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और हिमाचल प्रदेश सरकार के बीच हुए एमओयू ने राज्य को वैश्विक निवेश मानचित्र पर एक नई पहचान दिला दी है। यह समझौता इसलिए भी खास है, क्योंकि किसी भी पर्वतीय राज्य के साथ ब्रिक्स चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की यह पहली औपचारिक साझेदारी है। समझौता हिमाचल के युवाओं और उद्यमियों के लिए वैश्विक अवसरों का प्रवेशद्वार है।
इस रणनीतिक सहयोग का लक्ष्य स्पष्ट है कि हिमाचल प्रदेश को एक पसंदीदा, स्थिर और भविष्य-तैयार वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। इसके तहत राज्य में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंच, संयुक्त बिज़नेस इवेंट, वैश्विक प्रतिनिधिमंडलों का आदान-प्रदान और सेक्टर विशेष संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी, जिनका सीधा लाभ राज्य के एमएसएमई, स्टार्टअप्स और स्थानीय उद्यमियों को मिलेगा।
रूस से फार्मा में पांच सौ करोड़ का निवेश
इस साझेदारी के परिणाम सिर्फ काग़ज़ों तक सीमित नहीं रहे। फार्मा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक के रूसी निवेश को सफलतापूर्वक सुगम बनाया गया है। यह निवेश बताता है कि प्रदेश नवाचार-आधारित विनिर्माण हब के रूप में उभर रहा है। भारत के वर्ष 2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालने के अवसर पर, मार्च 2026 में धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय व्यापार सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव है।
‘सहयोग और सततता के लिए लचीलापन एवं नवाचार निर्माण’ के थीम वाले इस वैश्विक मंच पर सह-निवेश, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, आपूर्ति श्रृंखला सहयोग, निर्यात बाजारों तक पहुंच पर गहन मंथन होगा। औषधि उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, हरित परिवहन, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन व आतिथ्य, हथकरघा, सूचना प्रौद्योगिकी व एआई आधारित सेवाएं और कृषि मूल्य श्रृंखला प्राथमिक क्षेत्र हैं।
वैश्विक निवेश को धरातल पर उतारने की कवायद
ब्रिक्स चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष हरवंश चावला कहते हैं कि हिमाचल प्रदेश प्रतिस्पर्धा और सतत विकास का दुर्लभ संतुलन प्रस्तुत करता है। धर्मशाला में प्रस्तावित सम्मेलन वैश्विक निवेश को धरातल पर उतारने में उत्प्रेरक सिद्ध होगा। नवाचार, निवेश और सतत विकास का नये अध्याय की शुरुआत होगी।
हिमाचल प्रदेश सरकार वैश्विक निवेश के इस शानदार अवसर का दोहन करने के लिए हर संभव प्रयास करने की कोशिश में हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि यह साझेदारी वैश्विक पूंजी, प्रौद्योगिकी और बाजारों के नए द्वार खोलेगी। हिमाचल प्रदेश एक स्थिर, हरित और निवेश गंतव्य के रूप में उभरेगा।
हिमाचल और देश-दुनिया की अपडेट के लिए join करें हिमाचल बिज़नेस
https://himachalbusiness.com/sir-samuel-swinton-jacob-was-the-designer-of-several-royal-buildings-in-india-including-gorton-castle-in-shimla/
