आयरलैंड के डबलिन की चेस्टर बीट्टी लाइब्रेरी के खजाने में मौजूद कई दुर्लभ कांगड़ा मिनिएचर पेंटिंग्स
आयरलैंड के डबलिन की चेस्टर बीट्टी लाइब्रेरी के खजाने में मौजूद कई दुर्लभ कांगड़ा मिनिएचर पेंटिंग्स
विनोद भावुक। धर्मशाला
आयरलैंड की राजधानी डबलिन में स्थित चेस्टर बीट्टी लाइब्रेरी में भारतीय कला का भी अद्भुत संग्रह है। इसमें विशेष रूप से कांगड़ा मिनिएचर पेंटिंग्स को दर्शाया गया है, जो हिमाचल प्रदेश की संस्कृति और सौंदर्य का अनूठा उदाहरण हैं। चेस्टर बीट्टी लाइब्रेरी में ये पेंटिंग्स भारतीय और फारसी मिनिएचर के साथ प्रदर्शित हैं, जो कला प्रेमियों के लिए अध्ययन और सराहना का अवसर देती हैं।
चेस्टर बीट्टी लाइब्रेरी में ‘आर्ट्स ऑफ द बुक’ और ‘सेक्रेड ट्राडीशन’ गैलरी में ये पेंटिंग्स देखने को मिलती हैं। केवल कांगड़ा पेंटिंग्स ही नहीं, इससे जुड़ी पांडुलिपियां और दुर्लभ पुस्तकें भी प्रदर्शित हैं। चेस्टर बीट्टी लाइब्रेरी में कांगड़ा मिनिएचर पेंटिंग्स का अनुभव करना धौलाधार की घाटियों और रचनात्मकता की दुनिया में प्रवेश करना है।
दुनिया की अनमोल सांस्कृतिक धरोहरें सुरक्षित
चेस्टर बीट्टी लाइब्रेरी एक ऐसा स्थल है, जहाँ दुनिया की अनमोल सांस्कृतिक धरोहरें सुरक्षित हैं। 1953 में स्थापित यह लाइब्रेरी डबलिन कैसल के परिसर में स्थित है। इस संग्रहालय की नींव एक खनिक और कलाकार अल्फ्रेड चेस्टर बीट्टी ने रखी। उनकी 125वीं वर्षगांठ पर 2000 में वर्तमान भवन का उद्घाटन हुआ। इसे 2002 में यूरोपियन म्यूजियम ऑफ़ द ईयर का सम्मान मिला है।
चेस्टर बीट्टी लाइब्रेरी संग्रहालय में लगभग 25,000 वस्तुएँ हैं और यह सालाना लगभग 5,30,000 आगंतुकों को आकर्षित करता है। इसमें ईसाई धर्मग्रंथ कई भाषाओं में मौजूद हैं और दुनिया के सबसे पुराने ईसाई दस्तावेजों की पांडुलिपियाँ सुरक्षित हैं। धर्म, इतिहास, चिकित्सा, गणित और खगोलशास्त्र पर अरबी, फ़ारसी, तुर्की और मुग़लकालीन भारतीय ग्रंथ संजोए गए हैं।
दुनिया की सभ्यताओं का खजाना
मुग़ल सम्राट शाहजहां के मुरक्का’ और मिंटो एलबम की मिनिएचर पेंटिंग्स, क्लासिक फ़ारसी कवियों फ़िरदौसी और नज़ामी की पांडुलिपियाँ और पेंटिंग्स, चीनी स्नफ बोतलों का विशाल संग्रह और जापानी कला के 17वीं सदी के चित्रपट्ट सहित दुनिया के विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टिकोणों को एक ही छत के नीचे प्रस्तुत किया है।
यह केवल एक संग्रहालय नहीं है, बल्कि विश्व की सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र है। पांडुलिपियों, दुर्लभ पुस्तकों और मिनिएचर पेंटिंग्स के लिए यह शोधकर्ताओं, इतिहासकारों और कला प्रेमियों के लिए एक प्रमुख स्रोत है। प्रत्येक संग्रह मानव इतिहास और विविध संस्कृतियों की कहानियाँ भी कहता है। डबलिन की चेस्टर बीट्टी लाइब्रेरी दुनिया की सभ्यताओं का खजाना है।
हिमाचल और देश-दुनिया की अपडेट के लिए join करें हिमाचल बिज़नेस
https://himachalbusiness.com/bhandari-ram-of-bilaspur-who-blew-up-a-japanese-army-bunker-in-the-burma-war-zone-was-awarded-the-victoria-cross-by-the-british-government/
