अमेरिका में बिकीं रैहन की वनस्पति वैज्ञानिक स्वाति चंबियाल की पेंटिंग्स, कैनवास पर जीवंत कर दी है कुदरत की ख़ूबसूरती

अमेरिका में बिकीं रैहन की वनस्पति वैज्ञानिक स्वाति चंबियाल की पेंटिंग्स, कैनवास पर जीवंत कर दी है कुदरत की ख़ूबसूरती
देवराज डढवाल/ नूरपुर
कांगड़ा जिला के रैहन की वनस्पति वैज्ञानिक स्वाति चंबियाल की बनाई 6 पेंटिंग्स को हाल में अमेरिका के एक कला पारखी ने खरीदा है। स्वाति चंबियाल ने ऑर्डर पर कई नामी हस्तियों के पोट्रेट भी बनाए हैं। अपने चित्रों में वाटर कलर, पोस्टर कलर व फेब्रिक कलर का प्रयोग करने वाली स्वाति चंबियाल
की 40 पेंटिंग्स की बिक्री हो चुकी है और की पेंटिंग्स मेहमानों को उपहार स्वरूप भेंट की हैं। उनकी कोलेक्शन में लगभग 120 से अधिक शानदार पेंटिंग्स हैं।
दो साल पहले भाषा, कला संस्कृति अकादमी शिमला की ओर से डॉ. राजेन्द्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा के शोभा सिंह ऑडीटोरियम में आयोजित सामूहिक चित्रकला प्रदर्शनी में उनके बनाए चित्र प्रदर्शित किए गए थे। उन्हें चित्रकला के लिए वुमेन पावर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। इस समय वह अपने सैन्य अधिकारी पति के साथ गया में रह कर प्रसिद्ध चित्रकार लेने जॉन्सन से पेंटिंग की बारीकियां सीख रही हैं।


पोट्रेट्स बनाने में महारत
स्वाति चंबियाल के रंगों में पहाड़ की प्रकृति अंगड़ाई लेती दिखती है। बर्फ से ढके पहाड़, कल- कल करते पहाड़ी झरने, मंद- मंद मुस्काते पेड़, विषयवस्तु के तौर पर उनके चित्रों में वनस्पति के हर रंग को देख सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद इंदु गोस्वामी और पूर्व सांसद कृपाल परमार जैसी कई कई राजनीतिक हस्तियों के पोट्रेट्स बनाए हैं। वे अपने हाथों से अपनी पेंटिंग नरेंद्र मोदी को सौंपना चाहती हैं।
स्वाति चंबियाल ने चित्रकला की शुरुआत अपने घर से रंगोली बनाने से की थी और उनकी मां चित्रकला की उनकी पहली गुरु हैं। बचपन से ही रंगों से खेलने का शौक रहा, जो उम्र के साथ- साथ जुनून में बदलता गया। स्वाति चंबियाल ने महज आठवीं तक ड्राइंग की पढ़ाई की है। लेकिन उनकी कलाकृतियां एक मंझे हुये चित्रकार की झलक पेश करती हैं।


कुदरत से मिलते हैं पेंटिंग के विषय
रैहन निवासी नरेंद्र सिंह व अनु चंबियाल की बेटी स्वाति चंबियाल वनस्पति विज्ञान में एमएससी हैं, लेकिन एक चित्रकार के तौर पर उनकी ख़ासी पहचान है। स्वाति ने अपनी आरंभिक शिक्षा गुरदासपुर से प्राप्त की है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैहन से जमा दो करके राजकीय महाविद्यालय देहरी से बीएससी और पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला से वनस्पति विज्ञान में एमएससी की है।
चित्रकारी के साथ फोटोग्राफी में माहिर स्वाति चंबियाल 2014-15 में इंटर कॉलेज स्पॉट फोटोग्राफी में हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। फोटोग्राफी और चित्रकारी के अपने शौक के लिए उन्हें यात्राएं करना पसंद है। प्रकृति उन्हें चित्रकला के लिए प्रेरित करती है और उनकी पेंटिंग्स में वनस्पति विज्ञान की झलक स्पष्ट मिलती है।
कला की दुनिया में बड़े कैनवास की तैयारी
स्वाति चंबियाल अपने दौर के नामी चित्रकारों एमएफ हुसैन, सतीश गुजराल और ओपी टॉक की तरह चित्रकारी में अपनी पहचान बनाने के लिए चित्रकला की बारीकियां सीख रही हैं। निरंतर अभ्यास से उनकी कला में निखार आता जा रहा है और देश- विदेश से उनके चित्रों की मांग आने लेगी है। इंस्टाग्राम पर उनके बनाए चित्रों को देखा जा सकता है।
स्वाति चंबियाल का कहना है कि हिमाचल प्रदेश के भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग को प्रदेश के युवा चित्रकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना चाहिए। वे चित्रों की अपनी कलेक्शन को कला प्रदर्शनी में प्रदर्शित करना चाहती हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की अपडेट के लिए join करें हिमाचल बिज़नेस
https://himachalbusiness.com/motivational-story-daily-routine-starts-at-2-oclock-in-the-night-did-not-take-a-single-holiday-in-50-years-set-up-a-business-by-loading-mules/