सिक्किम के ‘सोने’ की बिलासपुर के फूलों में चमक, सोशल मीडिया से परवान चढ़ा उत्तर और पूर्वोतर का प्यार
कुलदीप चंदेल/ बिलासपुर
Flower Lover नाम का यूट्यूब चैनल फूलों की खेती के तरीके सिखाता है और फूलों को चाहने वालों के बीच दुनिया भर में मशहूर है। इस चैनल के देश- विदेश के दो लाख के करीब सब्सक्राइबर्स हैं। चैनल को सिल्वर बटन मिला हुआ है और हर वीडियो में लाखों में व्यूज मिलते हैं।
इस चैनल पर फूलों की खेती, ग्राफ्टिंग, कलमें, पौधों की देखभाल के लिए तापमान तथा जल संतुलन पर सटीक जानकारी प्रदान की जाती है। इस चैनल का संचालन कर सुर्खियां बटोरने वाली सोना लेपचा सिक्किम की बेटी और बिलासपुर की बहू है। उसके पास फूलों से संबन्धित अद्भुत नॉलेज है।
फेसबुक ने मिलाई जोड़ी
सिक्किम से बिलासपुर पहुँचने की सोना लेपचा की कहानी बेहद रोचक है। कहते हैं कि प्यार किसे, कब और कहाँ मिल जाए, कोई नहीं जानता। सिक्किम की सोना लेपचा और बिलासपुर के कपड़े व्यापारी राहुल कटोच की मुलाक़ात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हुई थी।
फेसबुक पर हुई दोस्ती धीरे–धीरे दिलों की धड़कनों में उतर गई। वादे, कसमें और विश्वास इतना गहरा था कि उत्तर और पूर्वोतर का प्यार शादी में बदल गया। जल्द ही दोनों परिणय सूत्र में बंध गए। इस दंपति की एक बेटी है।
इश्क के रंग में ढल गई सोना
अब सोना बिलासपुर जिले की नखलेड़ा गाँव में खेती–बाड़ी करती हैं। वह फर्राटेदार हिंदी और पहाड़ी बोलती हैं, स्थानीय पहनावा अपनाती हैं और परिवार को सहेजने के साथ–साथ अपने हुनर से कमाई भी करती हैं। उनके पास सैकड़ों कीमती पौधों का संग्रह है, जो उनकी लगन और प्रेम का प्रतीक है।
सोना ने फूल उगाने के अपने शौक को पेशे में बदल दिया। उन्होंने Flower Lover नाम से एक यूट्यूब चैनल बनाया। चैनल को लाखों सब्सक्राइबर फॉलो करते हैं। इस चैनल ने उन्हें YouTube Silver Button दिलवाया, जो उनकी मेहनत और हुनर का सम्मान है।
बेटी संग खुशहाल संसार
शादी के बाद सोना और राहुल की दुनिया और खूबसूरत हुई। आज दोनों की एक साढ़े तीन साल की प्यारी बेटी है। सोना ने न केवल अपने नए घर–परिवार को अपनाया, बल्कि पहाड़ी बोली, रहन-सहन और संस्कृति में खुद को ऐसे ढाला कि सब कहते हैं कि सोना अब हिमाचल प्रदेश की ही हो गई है।
सोना और राहुल की प्रेम कहानी संस्कृति, जुनून और आत्मनिर्भरता की मिसाल है। सोना कहती हैं, ‘मैंने हमेशा फूलों से प्यार किया है और वही प्यार मेरी पहचान बन गया है। सोना के समर्पण ने राहुल के जीवन की बगिया को फूलों से महका दिया है।
हिमाचल और देश-दुनिया की अपडेट के लिए join करें हिमाचल बिज़नेस
https://himachalbusiness.com/kuldeep-garg-tarun-spreads-light-through-his-ghazals-in-the-midst-of-difficulties-in-life-got-recognition-from-ujalon-ka-hujoom/
